धमतरी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रेस क्लब धमतरी में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रेस क्लब परिसर में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर की गई। इसके पश्चात उपस्थित पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन अमर बलिदानियों को याद करने का अवसर भी है, जिनके त्याग और संघर्ष की बदौलत आज हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है।




प्रेस क्लब धमतरी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं विकास के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक सुधीर गुप्ता, ऋतुराज पवार, मेघराज ठाकुर, दीप शर्मा, अध्यक्ष विशाल ठाकुर, महासचिव विक्रांत शर्मा, उपाध्यक्ष उमेश वशिष्ठ एवं कमलेश पांडे, कोषाध्यक्ष नरेश श्रोती, सचिव राज सोनवानी, संगठन सचिव सत्येंद्र शर्मा, सहित पवन साहू, चंद्रकांत साहू, रोशन सिन्हा, केशव सिन्हा, कृष्णा राव जगताप एवं अन्य पत्रकारगण उपस्थित थे।

Show comments
Hide comments