धमतरी । सामाजिक और पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके ऋतुराज पवार को प्रेस क्लब धमतरी का महा संरक्षक नियुक्त किया गया है। इस जिम्मेदारी के साथ पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने उनसे संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई है।
प्रेस क्लब धमतरी की आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से समाजसेवी ऋतुराज पवार को महा संरक्षक का दायित्व सौंपा गया। उनकी नियुक्ति पर पत्रकारों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि ऋतुराज पवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। यही कारण है कि उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया।
महा संरक्षक का दायित्व मिलने के बाद ऋतुराज पवार ने प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रेस क्लब धमतरी के सम्मान, एकता और पत्रकार हितों के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
प्रेस क्लब धमतरी में ऋतुराज पवार की नियुक्ति को संगठन के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। पत्रकारों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि उनके अनुभव, सहयोग और सामाजिक सोच से प्रेस क्लब को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पत्रकार हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में संरक्षक मेघराज ठाकुर,दीप शर्मा,प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल ठाकुर,महासचिव विक्रांत शर्मा, उपाध्यक्ष उमेश वशिष्ठ,कमलेश पांडे,कोषाध्यक्ष नरेश श्रोती, सहसचिव राजकुमार सोनवानी,प्रवक्ता बसंत सचदेव, संतोष सोनकर,संगठन सचिव सत्येंद्र शर्मा,लोकेश साहू,पवन साहू महेंद्र खंडेलवाल,कृष्ण राव जगताप आदि पत्रकारगण उपस्थित थे।

