धमतरी। सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सर्वधर्म समभाव के उद्देश्य को लेकर गठित माता साहिब देवा जी सर्वधर्म सेवा कमेटी का विधिवत गठन किया गया है। कमेटी ने सर्वसम्मति से श्रीमती ममता खालसा को अध्यक्ष चुना है। पदाधिकारियों ने समाज सेवा, मानव कल्याण और राष्ट्रहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनसेवा का संकल्प लिया।
हाल ही में आयोजित बैठक में माता साहिब देवा जी सर्वधर्म सेवा कमेटी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से श्रीमती ममता खालसा को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कमेटी के संरक्षक के रूप में सरदार हरमिंदर सिंह छाबड़ा एवं श्रीमती राज कौर भाबरा को नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी अध्यक्ष का दायित्व सुश्री शैली भाबरा, सचिव श्रीमती गौरी गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुश्री हरप्रीत कौर तलुजा, प्रवक्ता श्रीमती हरमीत कौर बग्गा, सहसचिव जीत कौर खनूजा, उपाध्यक्ष दलजीत कौर तलुजा तथा मीडिया प्रभारी सिमरन जय हिंदूजा को बनाया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष ममता खालसा ने बताया कि माता साहिब देवा जी सर्वधर्म सेवा कमेटी छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त संस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में सर्वधर्म समभाव की भावना को बढ़ावा देना और निस्वार्थ सेवा के माध्यम से जनकल्याण करना है। उन्होंने कहा कि समिति राष्ट्र सेवा, सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, पर्यावरण, वन, नदी, झील और वन्यजीवों के संवर्धन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, साक्षरता, वृद्धजन सेवा, आपदा राहत, भोजन एवं वस्त्र वितरण, समाज सुधार और जनजागरूकता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों के माध्यम से समाज को संगठित करते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई जाए। समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता और सर्वधर्म सेवा के विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी सिमरन जय हिंदूजा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समिति समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
