धमतरी।धमतरी में वट सावित्री व्रत बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुहागिन महिलाओं ने लाल वेशभूषा धारण कर अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखा। सुबह से ही मंदिरों और वट वृक्षों के आसपास महिलाओं की भीड़ देखने को मिली, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

हाथों में पूजा की थाली, माथे पर सिंदूर, लाल साड़ी और पारंपरिक श्रृंगार में सजी महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा बांधा और भगवान से अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा श्रवण कर व्रत का महत्व सुना।



शहर के विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक माहौल देखने को मिला। पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की खुशहाली और पति की दीर्घायु की कामना की।

मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने से वैवाहिक जीवन सुखमय होता है और परिवार में समृद्धि आती है। इस अवसर पर कई स्थानों पर सामूहिक पूजा का आयोजन भी किया गया, जहां महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बना दिया।

वृत धारण करने वाली महिलाओं ने बताया कि “हम हर साल वट सावित्री का व्रत रखते हैं और भगवान से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और पति की लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं।”

धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति से जुड़े इस पर्व ने धमतरी में एक बार फिर भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की खूबसूरत झलक पेश की।

Show comments
Hide comments