धमतरी।प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल ठाकुर की शिकायत पर प्रशासन सख्त, खाद्य एवं औषधि विभाग ने लिए पानी के सैंपल..शहर में बिक रहे ब्रांडेड पानी की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल ठाकुर ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा से शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाजार में उपलब्ध कुछ ब्रांडेड पानी की बोतलों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है, जिससे लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा सकता है।
मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने संबंधित दुकान पर पहुंचकर पानी की बोतलों के सैंपल एकत्र किए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद यदि गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं और कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित और गुणवत्ता युक्त उत्पादों का ही उपयोग करें।