धमतरी।धमतरी शहर में रविवार को छत्तीसगढ़ी सिनेमा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। आगामी छत्तीसगढ़ी फिल्म “का तैं मोला मोहनी मार दिए रे” के प्रचार-प्रसार के तहत शहर के विमल टॉकीज में एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।



इस अवसर पर फिल्म के निर्देशक उमेश कुमार चौहान सहित प्रमुख कलाकार अनामिका यादुवंशी, साधना पांडे एवं अन्य कलाकार मौजूद रहे। फिल्म के प्रीमियर शो में शामिल होने कलाकार और निर्देशक धमतरी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत कर फिल्म से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।



पत्रकार वार्ता के दौरान कलाकारों ने बताया कि फिल्म की कहानी भूत-प्रेत, सम्मोहन और अंधविश्वास जैसे विषयों पर आधारित है। फिल्म में यह दर्शाया गया है कि इस प्रकार के गलत और अंधविश्वासपूर्ण प्रयोग करने वालों को किस तरह गंभीर और बुरे परिणाम भुगतने पड़ते हैं। वही इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल ठाकुर ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई प्रेषित करते हुए बॉलीवुड के तर्ज पर बने इस रोमांचित फिल्म को दर्शकों से देखने की अपील की है।फिल्म के अन्य कलाकार रजनी निराला,वर्षा देवांगन,विजय चौहान, आदि है।

फिल्म की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए निर्देशक उमेश कुमार चौहान ने कहा कि “का तैं मोला मोहनी मार दिए रे” छत्तीसगढ़ी सिनेमा की पारंपरिक कहानियों से हटकर एक अलग और नया प्रयोग है। फिल्म की कहानी, प्रस्तुति और शैली दर्शकों को नया अनुभव देने वाली है।

निर्देशक से लेकर कलाकारों तक फिल्म को लेकर काफी आत्मविश्वास नजर आया। अब देखना यह होगा कि जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज होगी, तो दर्शकों से इसे कितना प्यार मिलता है और बॉक्स ऑफिस पर यह कितनी सफलता हासिल करती है।

Show comments
Hide comments